सहारनपुर : सहारनपुर के शारदा नगर में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर स्कूटी तोड़फोड़ और 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला से मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर: सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित शारदा नगर में 20 मई को हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते सोनू नामक युवक उनके घर के बाहर पहुंचा और हर्षित शर्मा पुत्र अरुण शर्मा की घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर डंडों से हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने घर से बाहर आई करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर भी डंडे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद लंबे समय तक पुलिस स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। परिवार का कहना है कि यदि किसी को शिकायत थी तो कानून हाथ में लेने के बजाय प्रशासन को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
मामले में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि शारदा नगर में संचालित एक शराब की दुकान को लेकर मोहल्ले के कुछ लोग विरोध कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और हाथापाई हुई।
उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली थी, जिससे मामला समझौते की स्थिति में प्रतीत हो रहा था। बाद में दोनों पक्ष पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। एसपी सिटी के अनुसार, पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)









































