UP: सहारनपुर जनपद के देवबंद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार मौर्य और प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद साकिर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि विद्युत निगम देवबंद कार्यालय में आटा चक्की के बिजली कनेक्शन को पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता, जो देवबंद थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी बताया जा रहा है, ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और कार्रवाई को अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार एंटी करप्शन टीम ने जैसे ही कार्यालय में छापा मारा, वहां अफरा-तफरी मच गई। टीम ने SDO दिनेश कुमार मौर्य को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जांच के दौरान इस पूरे खेल में प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद साकिर की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी हिरासत में ले लिया गया।
Also Read: UP: इटावा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो घायल गिरफ्तार
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में कार्रवाई की चर्चा होने लगी। बताया जा रहा है कि एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सीधे गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में भी बेचैनी का माहौल देखा जा रहा है। आम लोगों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई से सरकारी विभागों में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल एंटी करप्शन टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।













































