गोरखपुर : आमतौर पर लोकल अवकाश के दिन सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा छाया रहता है, लेकिन गोरखपुर में प्रशासन ने एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। छुट्टी के बावजूद जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ अपने कार्यालयों में मौजूद रहे और दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं सुनीं।
डीएम दीपक मीणा ने सुनीं जन समस्याएं
जिलाधिकारी दीपक मीणा सुबह से कलेक्ट्रेट कार्यालय में उपस्थित रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने राजस्व विवाद, भूमि कब्जा, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, सड़क निर्माण और जल निकासी जैसी अनेक समस्याएं उनके समक्ष रखीं। डीएम ने हर शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
कई मामलों में डीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने पुलिस संबंधी शिकायतें सुनीं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ भी अपने कार्यालय में मौजूद रहे। उनके पास पहुंचे लोगों ने जमीन विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, गुमशुदगी और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। एसएसपी ने संबंधित थानाध्यक्षों को निष्पक्ष और तेज कार्रवाई के निर्देश दिए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की हिदायत दी।
Also Read : नकली नोट बनाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
अन्य अधिकारी भी रहे सक्रिय
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (सिटी) गजेंद्र कुमार और एसडीएम सदर दीपक गुप्ता भी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने बड़ी संख्या में आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
आमजन ने की सराहना
फरियादियों ने अधिकारियों की इस सक्रियता की सराहना की। कई लोगों ने बताया कि वे दूरदराज के क्षेत्रों से आए थे और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि छुट्टी के दिन भी अधिकारी उपलब्ध होंगे। शिकायतों का समाधान सुनिश्चित होने का आश्वासन मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
यह पहल प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने वाली साबित हो रही है। गोरखपुर प्रशासन द्वारा लोकल छुट्टी के दिन भी जन समस्याओं के समाधान के लिए दिखाई गई तत्परता ने शासन की जनकल्याणकारी मंशा को जमीनी स्तर पर मजबूती दी है।


















































