UP: चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात लगभग 1:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर वाराणसी जा रही एक मैजिक वाहन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बिहार के भभुआ से वाराणसी जा रहे थे सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री बिहार के भभुआ जनपद के भगवानपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान अलीनगर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के समीप तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस और NHAI टीम ने चलाया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरे और हादसे के बाद मची चीख-पुकार के बीच घायलों को वाहन से निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
17 लोग घायल, 4 की हालत नाजुक
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार, हादसे में कुल 17 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें 2 लोग सामान्य स्थिति में हैं, जबकि 15 लोगों को चोटें आई हैं। घायलों में से 4 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया है। शेष घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। कई घायलों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर है।
Also Read: UP: बहराइच में देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। आशंका है कि चालक को झपकी आ गई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जो लोग अपनों का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, वे खुद अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पुलिस ने सभी घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है।

















































