पाँच बेटों के होते हुए भी बेसहारा हुई बुजुर्ग मां…UP का ये मामला आपको रुला देगा

UP: बरेली (Bareilly) जिले के सुभाष नगर क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद भावुक मामला सामने आया है। यहां पांच बेटों की मां होने के बावजूद एक बुजुर्ग महिला को अपने ही घर से बेघर होकर दर-दर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। पीड़ित महिला ने जिलाधिकारी से मिलकर न्याय और रहने के लिए सुरक्षित ठिकाने की मांग की है।

मिल्क गांव निवासी 60 वर्षीय ईदिया ने बताया कि उनके पति मजीद का करीब 16 वर्ष पहले निधन हो गया था। पति की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। उन्होंने मजदूरी करने के साथ-साथ लोगों के घरों में काम कर अपने पांचों बेटों का पालन-पोषण किया और उन्हें बड़ा किया। बुजुर्ग मां को उम्मीद थी कि बेटे बुढ़ापे में उनका सहारा बनेंगे, लेकिन अब वही बेटे उन्हें अपनाने से इंकार कर रहे हैं।

पीड़िता का आरोप है कि बेटों और बहुओं ने उनके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर गांव में पुलिस की मौजूदगी में पंचायत भी बुलाई गई। पंचायत में ग्रामीणों ने बेटों को मां की जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी, लेकिन आरोप है कि बेटों ने साफ कह दिया कि वे अपनी पत्नियों के लिए मां को छोड़ सकते हैं। इसके बाद बुजुर्ग महिला को घर से बाहर निकाल दिया गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे चांद की पत्नी उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती है। ईद जैसे खुशियों के त्योहार पर भी यह मां अपनों के व्यवहार से टूट चुकी है और इंसाफ की आस में अधिकारियों के चक्कर काट रही है।

फिलहाल पीड़ित महिला ने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए रहने की व्यवस्था कराने, भरण-पोषण दिलाने और बेटों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। मामले ने समाज में बुजुर्गों के प्रति बदलते पारिवारिक व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)