सीतापुर में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक, बकरीद पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील

सीतापुर : सीतापुर में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, सोशल मीडिया निगरानी और स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश जारी करते हुए अफवाहों से बचने की अपील की।

सीतापुर कलेक्ट्रेट सभागार सीतापुर में जिलाधिकारी सीतापुर डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पीस कमेटी/शांति एवं कानून व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय सहित विभिन्न क्षेत्रों के धर्मगुरु एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आगामी बकरीद पर्व को जनपद में परंपरागत रूप से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न की जाए।

Also Read : स्वयंसेवकों के साथ शाखा में शामिल हुए RSS प्रमुख मोहन भागवत, लखनऊ में तीन दिवसीय दौरे पर

सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती एवं नियमित गश्त सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

प्रशासन द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि कुर्बानी केवल निर्धारित एवं परंपरागत स्थलों पर ही की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों, सड़कों एवं नालियों में अवशेष न फेंके जाएं। स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Also Read : लंबे इंतजार के बाद यूपी को मिलेगा स्थायी DGP, आज UPSC में फैसला संभव

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि जनपद में बकरीद पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

प्रशासन ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)