कृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान का हार्ट अटैक से निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

मोहम्मदाबाद/मथुरा :  श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान विनोद यादव का ड्यूटी के दौरान अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। जवान का पार्थिव शरीर शाम उनके पैतृक गांव बैराम नगर पहुंचा, जहां पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम बैराम नगर निवासी 46 वर्षीय विनोद यादव सीआरपीएफ की 16वीं बटालियन में तैनात थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी जवान तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद सोमवार शाम करीब 6:15 बजे जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर गांव बैराम नगर पहुंचा। वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया और लोगों की आंखें नम हो उठीं।

Also Read : स्वयंसेवकों के साथ शाखा में शामिल हुए RSS प्रमुख मोहन भागवत, लखनऊ में तीन दिवसीय दौरे पर

सीआरपीएफ की टुकड़ी ने अपने साथी जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इस दौरान 16वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट लोकेश चौधरी और प्रभारी निरीक्षक अजय चंद्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। जवान के 18 वर्षीय पुत्र देव ने पिता को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

मृतक विनोद यादव अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई पवन यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर आगरा में तैनात हैं, जबकि छोटे भाई सुरजीत यादव गांव में रहकर कृषि कार्य करते हैं। परिवार में पत्नी रानी देवी, बड़ी बेटी राखी, पुत्र देव और छोटी बेटी कोमल हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि विनोद यादव बेहद मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। देश सेवा में समर्पित जवान के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे क्षेत्र में शोक और गर्व दोनों का माहौल है। नम आंखों से ग्रामीणों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)