गोरखपुर : राप्ती नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार शाम को हुए इस हादसे में तीनों बच्चों के शव एनडीआरएफ और गोताखोरों के सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
राजघाट पर मचा कोहराम
तुर्कमानपुर क्षेत्र के रहने वाले तीन किशोर — निक्कू (15) पुत्र सुनील, सत्ती (15) पुत्र मोहन और इरफान पुत्र फखरुद्दीन — राजघाट पर राप्ती नदी में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले जाने से तीनों डूब गए। देखते ही देखते तीनों लापता हो गए।
एनडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। प्रशासन ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। एसडीएम सदर दीपक गुप्ता मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। एनडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों ने लगातार सर्च अभियान चलाया।
शाम होते-होते पहले निक्कू और सत्ती के शव निकाले गए। इसके बाद इरफान की तलाश जारी रही और देर शाम उनका शव भी बरामद कर लिया गया।
Also Read : मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर की पहली महिला कुलपति बनीं प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा, कार्यभार संभाला
परिजनों में चीख-पुकार, इलाके में शोक
तीनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरा राजघाट क्षेत्र गमगीन माहौल में डूब गया। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।
सीएम योगी ने जताया दु:ख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम ने मृत बच्चों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवारों को शासन से अनुमन्य सहायता यथाशीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस अथाह दुख सहन करने की शक्ति देने के लिए प्रभु श्रीराम और गुरु गोरक्षनाथ से प्रार्थना की है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी, तालाब या किसी भी जलाशय के पास विशेष सावधानी बरतें। खासकर बच्चों को बिना निगरानी के पानी में न जाने दें।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर नदियों में सुरक्षा व्यवस्था और जन जागरूकता की कमी को रेखांकित करती है।













































