मथुरा: थाना फरह पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तमंचे के बल पर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पुलिस गुडवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55 हजार रुपये, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
बताया गया कि 19 मई को परखम-झुडावई मार्ग पर गौ ग्राम नहर के समीप एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बैग लूट लिया था। बैग में 75 हजार रुपये और बैंक संबंधी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना के संबंध में थाना फरह में मुकदमा दर्ज किया गया था।
Also Read: UP: बहराइच में देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करनपुर तिराहे से भवनेश, अंकित और पवन उर्फ होरीलाल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से अवैध तमंचा, दो कारतूस और लूट की रकम में से 40 हजार रुपये बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने चौथे आरोपी संजू उर्फ संजय को परखम बंबा पुल के पास से गिरफ्तार कर उसके पास से 15 हजार रुपये बरामद किए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल, स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा सहित थाना फरह व स्वाट टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।













































