गोण्डा : गोण्डा में कोतवाली नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से झपट्टामारी की घटना का 48 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी अजय उर्फ कालिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक एवं क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम टेढ़वा गुलाम, थाना इटियाथोक निवासी काजल पासवान पत्नी संतोष पासवान ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि 25 मई 2026 की दोपहर करीब 3 बजे वह ठठेरी बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान गुड्डू मल चौराहे के पास एक अज्ञात युवक उनके गले से लाल मोतियों वाला मंगलसूत्र झपट्टा मारकर फरार हो गया।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अजय उर्फ कालिया पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र निवासी मोहल्ला राधे पूर्व, थाना कोतवाली नगर को एचसीपीएम चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया है।














