UP: इटावा में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, शव सड़क पर रखकर 3 घंटे तक किया जाम, 35 पर मुकदमा दर्ज

UP: इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के नगला बार गांव निवासी 30 वर्षीय रंजीत राजपूत की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मानिकपुर बिसू के जंगल में उनका शव पेड़ से लटका मिलने के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। परिवार का आरोप है कि प्लॉट विवाद को लेकर रंजीत की हत्या कर शव को पेड़ से टांग दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन पर उतर आए।

शव रखकर सड़क पर किया प्रदर्शन

परिजन शव को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने रास्ते में ही उन्हें रोक दिया। इससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने इटावा-मैनपुरी मार्ग पर शव रखकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

Also Read: UP: बरेली में खेत की मेड़ तोड़ने और जान से मारने की धमकी, दो पर मुकदमा दर्ज

पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रही। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने की कोशिश की गई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस भी हुई। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने और सड़क को जानबूझकर बाधित करने की कोशिश की।

35 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए थाना सिविल लाइन में 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर सड़क जाम करने, शांति व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के जरिए प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। वहीं मृतक के परिजन अब भी हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)