सिकंदराराऊ में सपा की साइकिल यात्रा रोकी, प्रशासन से तीखी नोकझोंक

हाथरस/सिकंदराराऊ : महंगाई, बेरोजगारी, बिजली कटौती, किसानों को खाद की समस्या और रसोई गैस के बढ़ते दामों के विरोध में समाजवादी पार्टी द्वारा सोमवार को निकाली गई साइकिल यात्रा को प्रशासन ने पुरदिलनगर स्थित अंबेडकर तिराहे पर रोक दिया। इसके बाद सपा नेताओं ने मौके पर ही उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।

 

जानकारी के अनुसार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ठाकुर सुमंत किशोर सिंह के नेतृत्व में सुबह पुरदिलनगर के जलेसर रोड स्थित बिजलीघर के पास से साइकिल यात्रा शुरू की गई थी। यह यात्रा सिकंदराराऊ तहसील परिसर तक जानी प्रस्तावित थी। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता साइकिल और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

 

अंबेडकर तिराहे पर पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया और वाहनों को सड़क पर खड़ा कर यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच कुछ समय के लिए बहस और नोकझोंक भी हुई।

 

मौके पर उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान, कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा, पुरदिलनगर चौकी प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। बाद में सपा नेताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।

 

सपा नेता ठाकुर सुमंत किशोर सिंह ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की पूर्व सूचना प्रशासन को दी गई थी और रूट भी निर्धारित था, इसके बावजूद शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक यात्रा को बीच रास्ते में रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

 

कार्यक्रम में डॉ. रक्षपाल सिंह, विनय जादौन, पवन पुंढीर, गुड्डू सेंगर, रतन कुमार चौहान, वीरू सेंगर, हीरालाल यादव, बलवीर कश्यप, इरशाद सिद्दीकी, फरीद कुरैशी, कमाल अहमद, राहुल उपाध्याय, दीपक चौधरी, अजीत कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।