गोरखपुर : मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) ने एक बार फिर देश के अग्रणी उच्च शिक्षण संस्थानों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए आईआईआरएफ (इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क) रैंकिंग-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय ने इंजीनियरिंग श्रेणी में अखिल भारतीय स्तर पर 51वीं रैंक तथा प्रबंधन श्रेणी में 66वीं रैंक प्राप्त की है। साथ ही, दोनों श्रेणियों में उत्तर प्रदेश में 9वां स्थान हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि एमएमएमयूटी ने राज्य सरकार के तकनीकी संस्थानों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस श्रेणी में एचबीटीयू, कानपुर प्रथम स्थान पर रहा, जिसे उत्तर प्रदेश में तृतीय स्थान तथा राज्य सरकार के तकनीकी संस्थानों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
आईआईआरएफ-2026 रैंकिंग के अनुसार विश्वविद्यालय ने विभिन्न मूल्यांकन मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इंजीनियरिंग श्रेणी में एमएमएमयूटी को शैक्षणिक प्रतिष्ठा (Academic Reputation) में 94.26, स्नातक परिणाम एवं रोजगारयोग्यता (Graduate Outcome & Employability) में 97.88, अनुसंधान उपलब्धियों (Research Outcome) में 90.79 तथा कल्याण एवं संस्थागत विकास (Wellbeing & Institutional Development) में 95.23 अंक प्राप्त हुए। विश्वविद्यालय ने कुल 1000 अंकों में से 841.11 का समग्र भारांक सूचकांक (Overall Weightage Index) अर्जित किया। वहीं, प्रबंधन श्रेणी में विश्वविद्यालय ने 784.96 का समग्र भारांक सूचकांक प्राप्त कर अपनी बढ़ती शैक्षणिक उत्कृष्टता, उद्योग सहभागिता एवं संस्थागत विकास को प्रमाणित किया है।
पिछले कुछ वर्षों में एमएमएमयूटी ने शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान उत्पादकता, नवाचार, उद्योग-शैक्षणिक सहयोग, स्टार्टअप प्रोत्साहन, आधारभूत संरचना विकास तथा छात्र प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। विश्वविद्यालय को उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भी विशेष पहचान मिली है तथा हाल ही में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की गई है।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने कहा, “यह उपलब्धि हमारे शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों, उद्योग सहयोगियों तथा प्रशासनिक कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। एमएमएमयूटी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। हम अपने शैक्षणिक परिवेश को और सुदृढ़ बनाने, अत्याधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देने, उद्योग सहभागिता को विस्तार देने तथा विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर सक्षम एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे। यह सम्मान हमें भविष्य में और भी ऊंचे मानदंड स्थापित करने के लिए प्रेरित करता है।”
उन्होंने इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी हितधारकों को बधाई देते हुए एमएमएमयूटी को तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं सतत विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।














































