बहराइच: जनपद की पयागपुर तहसील क्षेत्र के सचौली गांव में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बने 9 अवैध मकानों को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ग्राम समाज एवं सड़क की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुल्डोजर कार्रवाई की।
एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
Also Read – फतेहपुर: प्रेम-प्रसंग में हत्या, सबूत मिटाने की कोशिश ; 23 दिन बाद खुला मामला
कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने का स्वागत किया।














































