UP: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की नेत्री गार्गी पटेल (Gargi Patel) के साथ हुई मारपीट के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जिला अस्पताल में गार्गी पटेल का हालचाल जानने पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
श्याम लाल पाल ने आरोप लगाया कि गार्गी पटेल पर हमला करने वाले लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन आरोपियों पर मारपीट का आरोप है, उन्हें भाजपा राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा द्वारा पार्टी की सदस्यता दिलाई गई थी और इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश में गुंडों को संरक्षण दे रखा है, जो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और वंचित वर्ग के लोगों को प्रताड़ित करने का काम कर रहे हैं।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन गार्गी पटेल जैसी महिला नेता के साथ हुई घटना उसकी कथनी और करनी का अंतर उजागर करती है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए डीजीपी द्वारा अपराध में कमी के दावे को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक अपराधों में एक प्रतिशत भी कमी नहीं आई है और पूरे प्रदेश में गुंडाराज स्थापित हो चुका है।
उन्होंने गाजीपुर की घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश में आम जनता से लेकर साधु-संत तक परेशान हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर साधु-संत धरना देने को मजबूर हैं। कानपुर देहात में भजन-कीर्तन के आयोजन को लेकर लोग एक महीने से परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी भी सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में पेपर लीक की अनुमति है, लेकिन भगवान के भजन-कीर्तन के लिए अनुमति नहीं मिलती।
श्याम लाल पाल ने कहा कि गार्गी पटेल को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष करेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में समाजवादी पार्टी का कोई नेता या कार्यकर्ता दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उसे पार्टी से निष्कासित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित महिला नेता के साथ खड़ी है और मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करती है। इस दौरान अपने बयान में श्याम लाल पाल ने कहा, ‘गार्गी पटेल पर हमला करने वाले भाजपा के संरक्षित गुंडे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा महिला सुरक्षा की बात करती है, लेकिन उसकी हकीकत इस घटना से सामने आ गई है। समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता गार्गी पटेल को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगा। यदि हमारी पार्टी का भी कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















































