दिनदहाड़े हाईवे पर चेन लूट : तमंचा दिखाकर महिला से सोने की चेन छीनी, विरोध करने पर बेटे को पीटा

राजेपुर, फर्रुखाबाद : जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को थाना राजेपुर क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे स्थित डबरी रामगंगा पुल के पास दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर महिला के पुत्र के साथ मारपीट की गई और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद शहर के मशैनी चौराहा निवासी राहुल शुक्ल अपने माता अनीता शुक्ला के साथ बाइक से जलालाबाद जा रहे थे। डबरी रामगंगा पुल के निकट राहुल सड़क किनारे लघुशंका के लिए रुके। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बाइक पर बैठी अनीता शुक्ला के गले से सोने की चेन झपट ली।

राहुल ने जब बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और कारतूस लोड करने लगा। छीना-झपटी के दौरान एक कारतूस मौके पर गिर गया। इसके बाद आरोपी खुलेआम धमकी देते हुए हाईवे के रास्ते फरार हो गए।

बागपत: स्कूटी साइड लगने पर विवाद, युवक ने दो तलवारें लेकर किया हमला; गर्दन पर तलवार चली, वीडियो वायरल

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में राजेपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से मिला कारतूस कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, एसओजी और सर्विलांस टीम भी जांच में जुट गई।

पुलिस ने डबरी चेकपोस्ट, अल्लाहगंज मार्ग तथा आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, लेकिन दिनदहाड़े व्यस्त हाईवे पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हाईवे पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक आखिर खुद को कहां सुरक्षित महसूस करें। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बावजूद बदमाशों का बेखौफ होकर तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ अपराधियों पर कितनी प्रभावी कार्रवाई करती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)