सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के विकासखंड गोंदलामऊ के नारायणपुर स्थित अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल से बड़ी लापरवाही सामने आई है. गोशाला परिसर के पास बनी खाई में आधा दर्जन गोवंश मृत पाए गए हैं. इसके अलावा, कई पुराने कंकाल भी बिखरे मिले, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. यह घटना सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हो पाई है. जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और जांच के आदेश दे दिए हैं.
शासन के निर्देश के बाद 23 मई को ही इस गोशाला का संचालन एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) को सौंपा गया था. एनजीओ के जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही दिनों में इतने गोवंशों की मौत और परिसर में कंकाल मिलने से गोशाला की व्यवस्थाओं और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
Also Read – पारिवारिक कलह में खूनी संघर्ष : देवर ने भाभी पर गड़ासे से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
विकासखंड के अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल पर कुल 66 गोवंशों की मृत्यु हुई। पशु चिकित्सा अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे और सभी मृत गोवंशों को नियमानुसार दफना दिया गया है. — डॉ. राजा गणपति आर, जिलाधिकारी
अब यह जांच का विषय है कि इस लापरवाही के लिए असली जिम्मेदार कौन है, गोशाला का पुराना स्टाफ या नई एनजीओ. ग्रामीणों ने मांग की है कि बेजुबानों की मौत के जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.













































