UP: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित गैंगरेप की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
झांसा देकर सुनसान मकान में ले गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दिनेश कश्यप ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर इलाके के एक खाली पड़े मकान में पहुंचाया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों को पता चलने पर दर्ज हुई शिकायत
जब पीड़िता के परिवार को घटना की जानकारी मिली तो घर में मातम का माहौल बन गया। किशोरी की मां ने हिम्मत दिखाते हुए जानकीपुरम थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी दिनेश कश्यप को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके साथी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अन्य संदिग्धों पर भी पुलिस की नजर
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस सिलसिले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के मुताबिक सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।















































