UP: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक युवक द्वारा खुद को कभी आईपीएस अधिकारी, कभी बेसिक शिक्षा विभाग का वरिष्ठ अधिकारी और कभी खुफिया एजेंसी का सदस्य बताकर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक युवती को प्रेम संबंध और विवाह के नाम पर अपने जाल में फंसाया तथा सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की वसूली
पीड़िता के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह ने सबसे पहले खुद को बेसिक शिक्षा विभाग का सचिव बताकर संपर्क किया और विश्वास जीतने के लिए कथित तौर पर क्लर्क पद का नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराया। जब नौकरी नहीं मिली तो उसने खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए जल्द नियुक्ति दिलाने का आश्वासन दिया। इसी भरोसे में आकर पीड़िता और उसके परिवार ने उस पर विश्वास कर लिया।
Also Read: फर्जी IAS की 26वीं बारात…गोरखपुर में प्रीतम कुमार निषाद का वैवाहिक ठगी का खौफनाक खेल
बहनों को भी बनाया शिकार, शादी भी रचाई
आरोप है कि संदीप सिंह ने पीड़िता की दो बहनों को भी सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया और इस बहाने करीब 6.50 लाख रुपये ले लिए। इसके अलावा उसने स्वयं को रॉ एजेंट बताकर विशेष सरकारी मिशनों में व्यस्त होने की कहानियां सुनाईं। इसी दौरान उसने युवती से शादी भी कर ली और लंबे समय तक अपनी झूठी पहचान के सहारे उसे भ्रमित करता रहा।
सच्चाई सामने आने पर मिली धमकी
कुछ समय बाद युवती को आरोपी की वास्तविकता का पता चला। जब उसने नौकरी और अन्य दावों को लेकर सवाल उठाए तो आरोपी कथित रूप से उसके घर पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने नगर कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
Also Read: लखनऊ में फर्जी IAS अफसर गिरफ्तार, नीली बत्ती, लग्जरी गाड़ियों के काफिले से जमाता था रौब
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। गोंडा और गाजीपुर समेत विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। जांच में जुटी टीम पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















































