UP: रायबरेली में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अनुबंधित AC बस से संदिग्ध माल जब्त

UP: रायबरेली में जीएसटी विभाग की सचल टीम ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अनुबंधित एसी बस से लाखों रुपये मूल्य का संदिग्ध माल बरामद किया। प्राथमिक जांच में माल से जुड़े आवश्यक कर दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर विभाग ने पूरे सामान को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सूचना के आधार पर त्रिपुला चौराहे पर की गई चेकिंग

विभागीय सूत्रों के मुताबिक जीएसटी अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दिल्ली से लोड किया गया माल बस के जरिए लखनऊ भेजा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सचल दल ने सुबह करीब नौ बजे त्रिपुला चौराहे पर निगरानी शुरू की। संदिग्ध बस को रोककर उसकी विस्तृत जांच की गई।

Also Read: सुल्तानपुर: 12 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

लगेज कंपार्टमेंट में मिला भारी मात्रा में सामान

सचल दल की प्रभारी सलोनी के नेतृत्व में टीम ने बस के लगेज कंपार्टमेंट की तलाशी ली। जांच के दौरान वहां बड़ी संख्या में बोरों और कार्टनों में रखा सामान बरामद हुआ। अधिकारियों ने माल से संबंधित टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन मौके पर कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

माल के स्वामित्व और गंतव्य की जांच जारी

जीएसटी विभाग के अधिकारियों के अनुसार बरामद माल की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। विभाग अब माल के वास्तविक स्वामी, उसके गंतव्य और परिवहन की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कर चोरी की पुष्टि होने पर नियमानुसार कर वसूली, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)