सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से लूटी गई रकम के साथ अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
चेकिंग अभियान के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देश पर गठित टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धम्मौर थाना क्षेत्र के उघरपुर निवासी सत्येन्द्र प्रताप सिंह और कुड़वार थाना क्षेत्र के बदौलिया मजरा उत्तरगांव निवासी विशद मिश्रा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
Also Read: UP: रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
गैस सिलेंडर वितरण के दौरान हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 2 जून को गैस एजेंसी संचालक विवेक तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका सेल्समैन हरिओम यादव सिलेंडर वितरण कर लौट रहा था। इसी दौरान महेश्वरगंज नहर पुल के आगे बाइक सवार दो युवकों ने गैस सिलेंडर के भुगतान को लेकर विवाद खड़ा किया और हरिओम यादव से 9,100 रुपये छीनकर फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामला दर्ज होने के बाद धम्मौर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में उनकी संलिप्तता की पुष्टि की।
Also Read: UP: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, 50 हजार नकदी और जेवरात भी गायब
नकदी और मोबाइल फोन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 7,300 रुपये नकद तथा एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक राकेश ओझा, उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कफील अहमद, कांस्टेबल राजन यादव, चालक आरक्षी पवन कुमार और चालक आरक्षी रितिक शर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है।












































