जर्जर तार बदलने का काम आज, अंगूरी बाग फीडर से जुड़े क्षेत्रों में पांच घंटे रहेगी बिजली गुल

फर्रुखाबाद : शहर में बिजली व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए विद्युत निगम द्वारा रविवार को लकूला विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले अंगूरी बाग फीडर पर जर्जर बिजली तारों को बदलने का कार्य कराया जाएगा। इस आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते फीडर से जुड़े कई मोहल्लों में पांच घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार 33/11 केवी लकूला विद्युत उपकेंद्र के अंगूरी बाग फीडर पर वर्षों पुराने और क्षतिग्रस्त हो चुके तारों को बदलने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान 400 केवीए ट्रांसफार्मर से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।

Also Read – लखनऊ : विधानसभा ने कानपुर के अफसरों से विशेषाधिकार हनन मामले में रिपोर्ट तलब की, 15 दिन में मांगा जवाब

शटडाउन के कारण जुगन चक्की, नखासा तथा अखाड़ा मोहल्ला समेत आसपास के क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ता प्रभावित होंगे। विभाग का कहना है कि पुराने तारों के कारण बार-बार फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। गर्मी के मौसम में बढ़े हुए लोड के चलते यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।

विद्युत निगम का मानना है कि तार बदलने के बाद फाल्ट की घटनाओं में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को अधिक बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। विभाग ने क्षेत्रीय उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्य जनहित में कराया जा रहा है और इसे निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)