सहारनपुर : सहारनपुर थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मेला गुघाल पुल के नीचे स्थित एक बंद वाहन रिपेयरिंग की दुकान में आज अचानक आग लग जाने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया।
इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार आज लगभग 12:10 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मेला गुघाल पुल के नीचे स्थित अकरम पुत्र अब्दुल कुरैशी की वाहन रिपेयरिंग की बंद दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहारनपुर के निर्देशन में फायर यूनिट को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची फायर टीम ने स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल मोटर फायर इंजन (एम.एफ.ई.) के माध्यम से पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का अभियान चलाया। फायर कर्मियों की तत्परता और कुशलता के चलते आग को तेजी से नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक नहीं फैल सकी।
Also Read: सास पर फिदा हुआ दामाद! कोर्ट मैरिज का वीडियो वायरल
अधिकारियों के अनुसार, दुकान उस समय बंद थी, जिसके कारण किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि फायर सर्विस की टीम हर आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहती है और जनपदवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा नुकसान होने से टल गया और स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित बना लिया गया।














































