UP: उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस तथा एसटीएफ का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान अयोध्या, झांसी, लखनऊ, हापुड़ और चंदौली समेत कई जिलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि कुछ मुठभेड़ों में बदमाश घायल हुए। इन कार्रवाइयों से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है।
अयोध्या में STF की बड़ी कार्रवाई, इनामी अपराधी भानु प्रताप सिंह ढेर
अयोध्या में प्रयागराज एसटीएफ यूनिट और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भानु प्रताप सिंह पर विभिन्न जिलों में कुल 1.65 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार वह एक शातिर कॉन्ट्रैक्ट किलर और डकैत था, जिसके खिलाफ हत्या, डकैती और रंगदारी समेत 40 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे।
Also Read: ’24 घंटे में 6 मुठभेड़, एक की मौत और कई घायल…’, यूपी पुलिस और STF का ताबड़तोड़ एक्शन
झांसी में हत्या के आरोपियों से मुठभेड़, एक घायल, दूसरे ने किया सरेंडर
झांसी में हाल ही में हुई हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने देर रात घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी 24 घंटे पहले हुई हत्या की वारदात में शामिल थे। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
लखनऊ में छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास के आरोपी गिरफ्तार
राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पहले सुमित कश्यप को पकड़ा गया। पूछताछ में उसके साथी सनी उर्फ शनि कश्यप का नाम सामने आया, जिसे बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
हापुड़ में लूटकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
हापुड़ में व्यापारी नरेंद्र कबाड़ी के घर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
चंदौली में हत्याकांड का मुख्य शूटर पुलिस के हत्थे चढ़ा
चंदौली में हाल ही में हुए चर्चित हत्याकांड के मुख्य शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हुआ।
Also Read: UP: चंदौली हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, बिहार का शूटर गिरफ्तार, मुठभेड़ में घायल
अपराधियों के खिलाफ जारी है अभियान
प्रदेशभर में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। अलग-अलग जिलों में हुई इन कार्रवाइयों को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। सभी मामलों में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































