अमेठी : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान अमेठी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। जनपद अयोध्या के मिल्कीपुर क्षेत्र की रहने वाली अभ्यर्थी अंजली परीक्षा देने के लिए अमेठी पहुंची थीं, लेकिन परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उन्हें कोई वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहा था।
सोमवार को अभ्यर्थी ने यूपी-112 पर कॉल कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पीआरवी-6907 तत्काल मौके पर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि अंजली थाना पीपरपुर क्षेत्र के दुर्गापुर चौराहे पर बस से उतरी थीं और उनका परीक्षा केंद्र वहां से लगभग 32 किलोमीटर दूर था। समय तेजी से बीत रहा था और किसी भी सवारी के न मिलने से उनके परीक्षा छूटने की आशंका बढ़ गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी-6907 की टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित किया और अभ्यर्थी को लेकर थाना पीपरपुर की सीमा टीकरमाफी तक पहुंची। वहां पहले से मौजूद पीआरवी-6905 की टीम ने उन्हें अपने वाहन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। दोनों पीआरवी टीमों के संयुक्त प्रयास से अभ्यर्थी समय रहते सकुशल परीक्षा केंद्र पहुंच गईं और परीक्षा में शामिल हो सकीं।
समय पर सहायता मिलने से खुश अभ्यर्थी अंजली ने अमेठी पुलिस और यूपी-112 की कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में पीआरवी-6907 के कमांडर हेड कांस्टेबल राजेश पाल, सब कमांडर कांस्टेबल नंदलाल यादव तथा पायलट होमगार्ड चालक ओम प्रकाश पाल और पीआरवी-6905 के हेड कांस्टेबल रामनाथ यादव एवं कांस्टेबल संदीप वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सहायता के लिए अमेठी पुलिस की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।














































