मिर्जापुर: युवक की संदिग्ध मौत, नहर किनारे मिला शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

मिर्जापुर: जिले के लालगंज थाना क्षेत्र की लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गंगहरा खुर्द माइनर के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के शरीर पर चोट और जलने के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला बिजली के करंट से मौत का प्रतीत हो रहा है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

छह बहनों का इकलौता भाई था किशन

मृतक की पहचान लहंगपुर निवासी सूर्यबली के पुत्र किशन कुमार (21) के रूप में हुई है। किशन अपने परिवार में छह बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सुबह शौच के लिए गए चाचा ने देखा शव

बुधवार सुबह किशन के चाचा रामनरेश शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान गंगहरा खुर्द गांव स्थित पावर हाउस और नहर के समीप उन्हें किशन का शव पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

Also Read: उत्तर प्रदेश: वाराणसी में युवक ने खुद को मारी गोली, एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका, जांच तेज

रात में घर से निकला था युवक

परिजनों के अनुसार किशन लहंगपुर बाजार की एक कपड़े की दुकान में काम करता था। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर पहुंचा था, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा बाहर चला गया और वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच क्षेत्र में आंधी और बारिश भी शुरू हो गई थी।

शरीर पर मिले चोट और जलने के निशान

परिजनों का कहना है कि किशन के पैर में करंट से झुलसने जैसे निशान थे, जबकि सिर और पीठ पर चोट के भी निशान दिखाई दिए। मृतक के चाचा रामनरेश की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा और क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से बातचीत की और मामले की जानकारी ली।

Also Read: आंगनवाड़ी में लगी नौकरी, घर में बजी शहनाई… फिर फंदे से क्यों लटक गई प्रिया की जिंदगी?

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली के करंट से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने कहा कि युवक शांत स्वभाव का था और उसका किसी से कोई विवाद सामने नहीं आया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)