UP: इटावा के सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में 25 वर्षीय जूनियर डॉक्टर डॉ. आशुतोष सिंघल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है। इस घटना के बाद छात्रावास और विश्वविद्यालय के चिकित्सकों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।
एमबीबीएस के बाद कर रहे थे इंटर्नशिप पूरी
मृतक डॉ. आशुतोष सिंघल मेरठ के अशोक कॉलोनी निवासी रवींद्र प्रकाश सिंघल के पुत्र थे। उन्होंने हाल ही में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और इंटर्नशिप समाप्त करने के बाद विश्वविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग से जुड़े हुए थे। वह सौदान सिंह छात्रावास में रहकर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
Also Read: बहराइच: एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार
नहर क्षेत्र में डूबने की मिली सूचना
जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात नहाने के दौरान ट्यूबवेल के पास स्थित हवाई पट्टी और नहर क्षेत्र में उनके डूबने की सूचना मिली। घटना की खबर मिलते ही उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के पहुंचने के बाद शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह डॉ. आशुतोष के परिजन मेरठ से सैफई पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस दुखद घटना से छात्रों और डॉक्टरों के बीच गहरा शोक व्याप्त है।

















































