UP: रायबरेली के गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र स्थित अटौरा बुजुर्ग चौकी के पास गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मालिन बाग में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान अटौरा निवासी 48 वर्षीय शंभू उर्फ छेद्दू पुत्र भगौती के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया।
पांच दिन पहले ही मजदूरी कर लौटा था घर
परिजनों के अनुसार, शंभू उर्फ छेद्दू ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह करीब पांच दिन पहले ही काम से वापस घर लौटा था। परिवार को उम्मीद थी कि कुछ दिन वह घर पर रहकर आराम करेगा, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
ट्यूबवेल पर सोने गया, सुबह बाग में मिला शव
बताया जा रहा है कि बुधवार रात छेद्दू रोज की तरह भोजन करने के बाद गांव के बाहर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सोने के लिए गया था। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जब उसका रिश्तेदार अमरनाथ खेत में पानी लगाने पहुंचा, तो ट्यूबवेल के पास मालिन बाग में उसका शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और शंभू की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यह सुनियोजित वारदात है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
Also Read: UP: रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही गुरबक्शगंज थाना पुलिस और अटौरा बुजुर्ग चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































