UP: चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कोचिंग सेंटर के बाहर दो छात्रों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
दोनों छात्र थे एक ही कोचिंग के विद्यार्थी
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान प्रतापपुर निवासी 16 वर्षीय लवकुश के रूप में हुई है। लवकुश और आरोपी छात्र दोनों कक्षा 10 के छात्र थे तथा एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करते थे। बताया जा रहा है कि कोचिंग शुरू होने से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
Also Read: UP: अमेठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का फरार इनामी गैंगस्टर आकाश चौधरी गिरफ्तार
कहासुनी के बाद हुआ जानलेवा हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों छात्रों के बीच तीखी बहस हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान आरोपी छात्र ने अपने पास मौजूद चाकू निकालकर लवकुश पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार और सदर कोतवाली पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए।
गाली-गलौज से नाराज था आरोपी, जांच जारी
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से उसे लगातार अपशब्द कह रहा था, जिससे वह नाराज था। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।


















































