UP: बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया।
सीमेंट-मौरंग की दुकान से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार, पहलवान पुरवा चौकसा हार निवासी संजय यादव ने बताया कि उनके 28 वर्षीय भाई मयंकर यादव अपने आइशर 551 ट्रैक्टर-ट्रॉली से अरनवा स्थित सीमेंट-मौरंग की दुकान से घर वापस लौट रहे थे। रात करीब तीन बजे ग्राम तेलियनपुरवा के पास पहुंचने पर हादसा हो गया।
अनियंत्रित होकर तालाब किनारे पलटा ट्रैक्टर
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे स्थित तालाब के समीप ट्रैक्टर अचानक फिसल गया और चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद ट्रैक्टर पलट गया, जिससे मयंकर यादव उसके नीचे दब गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलने पर खैरीघाट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मामले में लिखित फौती सूचना प्राप्त हो चुकी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। वहीं, युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

















































