अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने तीखा बयान दिया है। उन्होंने मंदिर के धन में हेराफेरी करने वालों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा करने वाला 60 हजार साल तक मल का कीड़ा बनेगा।
देवकी नंदन ठाकुर का बयान – मीडिया से बातचीत में देवकी नंदन ठाकुर ने कहा, “मंदिर के धन को खाने वाला 60 हजार साल तक मल का कीड़ा बनेगा। अधिकारियों को मंदिर से बाहर करो।”
उन्होंने आगे सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार शंकराचार्यों में से किसी एक को, जो उन्हें सबसे अधिक प्रिय हों, राम मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाएं। साथ ही “सनातन कोड” बनाकर धर्मज्ञों के हाथ में जिम्मेदारी सौंपी जाए।
“राम के नाम पर लूट” पर आक्रोश
देवकी नंदन ठाकुर ने राम मंदिर में हो रही कथित लूट पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राम के नाम पर मची इस लूट और महापाप को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सनातन धर्म का आक्रोश अब फूट पड़ा है।
उन्होंने दावा किया कि ऐसा लग रहा है मानो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम स्वयं अपने पापियों के संहार का बीड़ा उठा लिया है।
Also Read – शिवपाल सिंह यादव का राम मंदिर चंदा घोटाले पर बड़ा बयान, निष्पक्ष जांच की मांग
SIT की जांच जारी
गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने सोमवार को राम जन्मभूमि परिसर में पहुंचकर ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की थी। SIT दानपात्रों की राशि, गणना और जमा प्रक्रिया की जांच कर रही है।
देवकी नंदन ठाकुर का यह बयान राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर सनातन समाज में बढ़ रहे आक्रोश को दर्शाता है।











































