UP: घर में साड़ी के फंदे से लटकी मिली 22 वर्षीय विवाहिता, जांच में जुटी पुलिस

UP: मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित महुलार गांव में एक नवविवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार देर रात हुई इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

करीब डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार महुलार गांव निवासी पिंटू कोल की 22 वर्षीय पत्नी पूनम का शव घर के अंदर खपरैल के बड़ेर में साड़ी के सहारे बने फंदे से लटका मिला। पूनम की शादी लगभग 14 से 15 महीने पहले हुई थी। उसका मायका संतनगर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में स्थित है।

Also Read: UP: मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का आरोप, चचेरे भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पति और सास के साथ रहती थी पूनम

बताया गया कि पूनम की अभी कोई संतान नहीं थी। वह अपने पति और सास के साथ गांव में रहती थी, जबकि उसके ससुर रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, गांव में घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)