लखीमपुर खीरी के 17 साल पुराने मामले में पुलिस की दलील पर अदालत सख्त, रिकॉर्ड में हेराफेरी और करोड़ों के आभूषणों के गबन की आशंका पर जांच के निर्देश।
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में करोड़ों रुपये के सोने के गहनों के गायब होने का मामला अदालत की सख्त टिप्पणियों के बाद फिर सुर्खियों में आ गया है। करीब 17 साल पुराने इस मामले में पुलिस की ओर से अदालत को दी गई सफाई ने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस ने दावा किया कि मालखाने में रखे गए कुछ सोने के गहने बारिश के पानी में खराब हो गए, जबकि बाकी आभूषण बंदर उठा ले गए।
यह मामला वर्ष 2007 का है। पंजाब के कपूरथला निवासी मुदित अग्रवाल की पत्नी रानी अग्रवाल उर्फ जूली ने दीपावली की रात आत्महत्या कर ली थी। पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर से सोने की कील, चेन, लॉकेट, अंगूठी और 10 भारी सोने की चूड़ियां उतारकर पुलिस को सौंप दी गई थीं। इन सभी आभूषणों को नियमानुसार सदर कोतवाली के मालखाने में जमा कराया गया था।
करीब 17 वर्षों तक चली सुनवाई के बाद 28 फरवरी 2024 को अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में मुदित अग्रवाल और उनके परिवार को बरी कर दिया। इसके बाद उन्होंने अदालत में आवेदन देकर मालखाने में जमा अपने आभूषण वापस दिलाने की मांग की।
जब अदालत ने मालखाने में रखे गए आभूषणों का विवरण मांगा तो पुलिस ने बताया कि वर्ष 2013 में मालखाने की पोटलियों को सुखाने के लिए छत पर रखा गया था। इसी दौरान बारिश होने से पोटलियां खराब हो गईं और बाद में कुछ गहने बंदर उठा ले गए।
पुलिस की इस दलील पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई। न्यायालय ने कहा कि एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के बहुमूल्य आभूषणों को खुले में और बिना सुरक्षा के छोड़ना गंभीर लापरवाही है। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि प्रथम दृष्टया मामला केवल लापरवाही का नहीं बल्कि रिकॉर्ड में हेराफेरी और बहुमूल्य आभूषणों के गबन का प्रतीत होता है।
न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि सीलबंद पोटलियों से आभूषण निकाले जाने और बाद में सरकारी अभिलेखों में फर्जी प्रविष्टियां किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद तत्कालीन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं और सबसे बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों रुपये के सोने के गहने आखिर गए .
अपने क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण खबर और ताजा अपडेट सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।
https://youtube.com/@breakingtubelive?si=otRx097b63CV_KsQ












































