UP: भाभी के प्यार में अंधा हुआ मौसेरा भाई, रात के सन्नाटे में चारपाई पर सो रहे भाई का बांके से काट डाला चेहरा, गिरफ्तार

UP: रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा स्थित पानी की टंकी परिसर में हुए गार्ड हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। शुरुआती जांच में इसे अज्ञात हत्यारों द्वारा की गई वारदात माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला पारिवारिक रिश्तों और प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला। पुलिस ने उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के बाबूखेड़ा निवासी राजकिशोर को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार बांका भी बरामद कर लिया है।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, मृतक बिंदा प्रसाद और आरोपी राजकिशोर रिश्ते में मौसेरे भाई थे। जांच के दौरान सामने आया कि राजकिशोर के मृतक की पत्नी ललिता से कथित प्रेम संबंध थे। वह ललिता को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन महिला ने अपने परिवार और बच्चों को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया। इसी के बाद आरोपी ने बिंदा प्रसाद को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

Also Read: UP: रायबरेली में 11 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, चार दिन तक थाने के चक्कर काटता रहा पीड़ित परिवार, आरोपी गिरफ्तार

पहले से बनाई थी पूरी साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे मालूम था कि बिंदा प्रसाद ठकुराइन खेड़ा की पानी की टंकी परिसर में गार्ड के रूप में कार्यरत था और रात में वहीं सोता था। इसी जानकारी के आधार पर उसने वारदात को अंजाम देने की तैयारी की और मौके का इंतजार करता रहा।

सोते समय किया जानलेवा हमला

14 जून की रात बिंदा प्रसाद परिसर में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और धारदार बांके से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बिंदा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

Also Read: UP: मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का आरोप, चचेरे भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि बछरावां पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)