गोण्डा : कर्नलगंज कस्बे के बस स्टॉप चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति अचेत अवस्था में लावारिस हालत में पड़ा मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्नलगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
कस्बा चौकी प्रभारी सुमित कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि बस स्टॉप चौराहा स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक गुरुवार रात से ही अस्पताल तिराहे से बस स्टॉप क्षेत्र के आसपास भटकता हुआ देखा जा रहा था. शुक्रवार सुबह उसकी हालत गंभीर देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके. पुलिस पहचान कराने के प्रयास में जुटी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
कर्नलगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो या वह उसे पहचानता हो तो तत्काल कस्बा चौकी कर्नलगंज अथवा डायल 112 पर सूचना देकर शिनाख्त में सहयोग करें, ताकि शव को उसके परिजनों को सौंपा जा सके.



















































