फतेहपुर : शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में शनिवार को रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन फतेहपुर के स्टेशन मास्टर ने खंभा संख्या 946/10 के पास एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मेमो के माध्यम से दी. सूचना पर चौकी प्रभारी जेल रोड पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का निरीक्षण किया.
पुलिस के अनुसार, शव लगभग 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. शव का ऊपरी हिस्सा काफी हद तक क्षत-विक्षत हो चुका था. सिर के कुछ अवशेष एवं बाल दिखाई दे रहे थे, जबकि शरीर के अन्य हिस्से सड़ चुके थे और उनमें कीड़े लग गए थे. तेज धूप के कारण शव का रंग भी काला पड़ गया था. प्रथम दृष्टया शव किसी 40 से 45 वर्षीय पुरुष का प्रतीत हो रहा है, जिसने शर्ट और लोअर पहन रखा था.
पुलिस ने आसपास के लोगों तथा ग्राम प्रधान के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी हाउस भिजवा दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं रही.










































