UP: लखनऊ अग्निकांड के बाद चंदौली प्रशासन अलर्ट, संस्थानों के संचालकों के साथ हुई अहम बैठक

UP: लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड और उसमें हुई जनहानि के बाद चंदौली प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) कोतवाली परिसर में कोचिंग सेंटर, होटल, अस्पताल, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा मानकों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एसडीएम और सीओ समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने सभी संस्थान संचालकों को निर्देशित किया कि वे फायर सेफ्टी से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करें और जिन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था अधूरी है, वहां तत्काल आवश्यक सुधार कराए जाएं।

UP: लखनऊ अग्निकांड के बाद रायबरेली में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 12 कोचिंग और लाइब्रेरी सील, मचा हड़कंप

रॉयल लाइब्रेरी का किया गया निरीक्षण

बैठक के बाद एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना और सीओ अरुण कुमार सिंह ने क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर रॉयल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कई कमियां सामने आने पर अधिकारियों ने लाइब्रेरी संचालक को कड़ी फटकार लगाई और जल्द सुधार करने के निर्देश दिए।

सात दिन की मोहलत, फिर होगी कार्रवाई

एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने स्पष्ट किया कि सभी संस्थानों को अपनी कमियां दूर करने के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि के भीतर फायर सेफ्टी समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं होने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: लखनऊ अग्निकांड की त्रासदी के पीछे किसकी लापरवाही? LDA जांच में 18 अधिकारी पाए गए दोषी

लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

प्रशासन का कहना है कि आम लोगों और छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित किया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)