चंदौली: पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत अवैध एवं मुकदमाती माल के विनष्टीकरण की कार्रवाई लगातार जारी है.
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना मुगलसराय पुलिस ने कुल 15 मुकदमों में बरामद 236.750 लीटर देशी शराब, अंग्रेजी शराब एवं बीयर का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया. नष्ट की गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है.
यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, चंदौली के आदेश के अनुपालन में गठित टीम की मौजूदगी में 28 जून 2026 को थाना मुगलसराय परिसर में संपन्न हुई. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई तथा निर्धारित मानकों के अनुसार जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर अवैध शराब को नष्ट किया गया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)









































