गाजीपुर : दिलदारनगर फल एवं सब्जी व्यवसाय समिति के अध्यक्ष नूर मोहम्मद उर्फ मुन्ना भाई के नेतृत्व में स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्रीय विधायक को ज्ञापन सौंपकर सब्जी मंडी के लिए नए एवं उपयुक्त स्थल की मांग की है. व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान मंडी घनी आबादी के बीच स्थित होने के कारण उन्हें रोजाना व्यापार करने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
ज्ञापन में बताया गया है कि माल लेकर आने वाले वाहनों को मंडी तक पहुंचने और खड़ा करने में काफी दिक्कत होती है. संकरी गलियों और भीड़भाड़ के चलते कई वाहन चालक दोबारा यहां आने से भी कतराने लगे हैं. इससे फल एवं सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों द्वारा आए दिन गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है, जिससे वे मानसिक तनाव में रहते हैं. उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में स्वतंत्र और सुचारु रूप से व्यापार करना कठिन हो गया है.
फल एवं सब्जी व्यवसाय समिति ने विधायक से मांग की है कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए दिलदारनगर मंडी स्थल पर शीघ्र नया एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो सके. ज्ञापन के साथ व्यापारियों के हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र भी संलग्न किया गया है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































