बरेली : बरेली जनपद के थाना शाही क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है. पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई शिकायत में थाना शीशगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री ग्राम दुनका स्थित ननिहाल गई हुई थी. आरोप है कि बुधवार रात परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे. इसी दौरान ग्राम दुनका निवासी विशाल पुत्र चन्द्रसेन कथित रूप से उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना में विशाल की माता वीरावती और भाई प्रेमपाल ने भी सहयोग किया. सुबह किशोरी के घर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका. इसके बाद पीड़ित पिता ने थाना शाही पहुंचकर लिखित तहरीर दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर विशाल, वीरावती और प्रेमपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































