अमेठी: मानसून के आगमन से पहले नगर पंचायत अमेठी में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. एसडीएम पंकज मिश्रा के निर्देश पर नगर पंचायत और तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक नाला सफाई अभियान शुरू किया है, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे.
अभियान के तहत नगर पंचायत क्षेत्र की सभी छोटी-बड़ी नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है. जेसीबी मशीनों और दर्जनों सफाईकर्मियों की मदद से नालों से सिल्ट, पॉलिथीन और अन्य कचरा हटाकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है.
गौरतलब है कि हर वर्ष मानसून के दौरान अमेठी नगर पंचायत क्षेत्र में गंभीर जलभराव की स्थिति बन जाती है. एसडीएम आवास, सीओ आवास, तहसील परिसर, कोतवाली, रजिस्ट्री कार्यालय सहित कई सरकारी दफ्तर बारिश के पानी में डूब जाते हैं, जिससे अधिकारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
एसडीएम पंकज मिश्रा ने बताया कि इस बार बारिश शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं.
नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालियों में कूड़ा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































