कायमगंज,फर्रुखाबाद : प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान में वन महोत्सव के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश कुमार, वन दरोगा शैलेश कुमार तथा वन रक्षक शिवेंद्र प्रताप मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव, एनसीसी सह अधिकारी लेफ्टिनेंट शिल्की मिश्रा, संतोष शर्मा, ममता सिंह, लक्ष्मी गंगवार, विकास श्रीवास्तव, मनीष गौर एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि “वृक्ष हमारे सबसे सच्चे मित्र हैं। इनके बिना जीवन और पर्यावरण की कल्पना भी संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे।”
प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देना है तो केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें बड़ा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम पांच पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे और समाज को भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों के साथ यह संदेश भी गूंजा कि “पेड़ बचेंगे तो जीवन बचेगा, हरियाली रहेगी तो खुशहाली रहेगी।”
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































