UP: पुलिस-बदमाशों की बीच मुठभेड़, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, साथी फिरोज फरार

UP: फतेहपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बिंदकी रोड स्थित दादनखेड़ा मोड़ के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन की जांच की जा रही थी। इसी दौरान वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर और वांछित आरोपी शाहनवाज उर्फ साहिल के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

हथियार, बोलेरो और नकदी सहित कई सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहनवाज उर्फ साहिल पुत्र मंसूर, निवासी विसहिया, थाना हथिगवां, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

Also Read: यूपीटीईटी परीक्षा को लेकर अलर्ट रहा पुलिस प्रशासन, एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर बनाते थे शिकार

पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहनवाज और उसका साथी फिरोज कथित रूप से यात्रियों को अपना निशाना बनाते थे। दोनों सफर के दौरान खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर लोगों को बेहोश कर देते थे। इसके बाद उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों की भी पड़ताल कर रही है।

दो दर्जन से अधिक मुकदमे, फरार आरोपी की तलाश तेज

पुलिस के अनुसार शाहनवाज उर्फ साहिल के खिलाफ फतेहपुर समेत कई जिलों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड का विस्तृत सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं फरार आरोपी फिरोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। थाना कल्याणपुर पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)