चौकी इंचार्ज से बदसलूकी के आरोपी देव मिश्रा तमंचे समेत गिरफ्तार, जानलेवा हमले में भी था वांछित

फर्रुखाबाद। कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने जानलेवा हमले और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी देव मिश्रा को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पूर्व में रेलवे रोड चौकी इंचार्ज के साथ बदसलूकी तथा पुलिस हिरासत से एक आरोपी को जबरन छुड़ाने के मामले में भी आरोप हैं।

कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत के नेतृत्व में दरोगा ज्ञान प्रकाश पांडे और सिपाही पवन कुमार रानू की टीम ने मुखबिर की सूचना और लगातार की गई तलाश के बाद मोहल्ला बाग कूंचा निवासी स्वर्गीय डब्बू मिश्रा के पुत्र देव मिश्रा को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, 21 जून को पल्ला जटवारा निवासी उत्कर्ष मिश्रा उर्फ भूरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उसे रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना के दौरान रेलवे रोड चौकी इंचार्ज कल्पेश चौधरी ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन अन्य आरोपियों ने पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए उसे जबरन छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गए।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी देव मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 20 जून की रात रेलवे स्टेशन स्थित नारायण होटल के सामने उत्कर्ष मिश्रा से आमना-सामना होने पर पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रॉयल अक्षय होटल के पास उत्कर्ष और उसके साथियों को रोक लिया। पहले मारपीट और गाली-गलौज की गई, फिर गुस्से में आकर उसने और उसके एक साथी ने उत्कर्ष पर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली चलने से पहले ही उत्कर्ष जमीन पर गिर गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। भीड़ जुटती देख सभी आरोपी मौके से भाग निकले और जाते समय शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)