Uttar Pradesh : आसमान की बेरुखी से फतेहपुर बेहाल, लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल

फतेहपुर : मानसून की बेरुखी ने फतेहपुर के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. जिले में लगातार कम बारिश होने से उमस का प्रकोप चरम पर पहुंच गया है. सुबह होते ही चिपचिपी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, जबकि दोपहर तक हालात और भी बदतर हो जाते हैं. उमस के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है.

बाजारों में खरीदारों की भीड़ कम हो गई है, खेतों में किसानों का काम प्रभावित हो रहा है और मजदूरों के लिए दिनभर काम करना किसी चुनौती से कम नहीं है. बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की परेशानियों में और इजाफा कर दिया है. पंखे और कूलर भी उमस के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं.

कम बारिश का असर खेती पर भी साफ दिखाई देने लगा है। धान समेत खरीफ की फसलों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी होती जा रही हैं. यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसलों के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ सकता है.

थरियांव स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में हल्की बारिश की संभावना है. इसके बाद मानसून के सक्रिय होने और बारिश की रफ्तार बढ़ने के आसार हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छी बारिश होने पर ही तापमान में गिरावट आएगी और उमस से लोगों को राहत मिल सकेगी.

फिलहाल पूरा फतेहपुर आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठा है. हर किसी को झमाझम बारिश का इंतजार है, क्योंकि अब केवल अच्छी बारिश ही उमस के इस कहर से राहत दिला सकती है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.