बरेली : बरेली जनपद की मीरगंज तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत फिरोजपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चयन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीण महिलाओं ने एसडीएम मीरगंज से शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि पात्र लोगों के नाम सूची से हटाकर अपात्रों को योजना का लाभ दिया जा रहा है।
शिकायतकर्ता नन्ही देवी, मीनाक्षी, नसरीन, कनीज बानो और नूरी फातिमा सहित अन्य महिलाओं ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वे ‘जीरो पॉवर्टी’ सूची के अंतर्गत आवास योजना की पात्र हैं। उनका कहना है कि पूर्व में सचिव, जेई और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई जांच तथा आईजीआरएस पोर्टल पर हुई जांच में भी उन्हें पात्र माना गया था।
महिलाओं का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा पंचायत घर में आयोजित बैठक के दौरान पढ़ी गई लाभार्थियों की सूची में उनके नाम हटा दिए गए। जबकि सूची में ऐसे लोगों को शामिल कर लिया गया, जिनके पास पहले से पक्के और लिंटर वाले मकान मौजूद हैं। इससे वास्तविक पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
पीड़ित महिलाओं ने मुख्य विकास अधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अधिकारियों से अपात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाकर नियमानुसार पात्र परिवारों का चयन करने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।











































