Uttar Pradesh : रंजिश में युवक के पेट में मारी गोली, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को दबोचा, अवैध तमंचा बरामद

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में बैरिया थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद कर लिया है।

मामला बैरिया थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ का है। घायल के पिता के अनुसार 6 जुलाई को उनके बेटे के साथ पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी शनि सिंह, हिमांशु सिंह, विनोद सिंह और कुछ अज्ञात लोगों ने विवाद किया। आरोप है कि विनोद सिंह के उकसाने पर शनि सिंह ने जान से मारने की नीयत से मेरे बेटे पर अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवक के पेट मे लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद पुलिस ने बी एन एस की धारा 109(1)/61(2)/191(2)/352/351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

बैरिया प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह को सूचना मिली की मुख्य आरोपी शनि सिंह मठ योगेंद्र गिरी चौराहे के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने घटना के बाद तमंचे को झाड़ियों में छुपा दिया था। उसके निशानदेही पर पुलिस ने .315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट धारा 3 / 25 की बढ़ती करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्षक पेश कर जेल भेज दिया। आरोपी शनि सिंह के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पुराना आपराधिक इतिहास भी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)