इटावा: हरियाणा मार्क अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद, पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा

इटावा: अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसवंतनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा से लाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ ली। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार से 132 बोतल हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, चार मोबाइल फोन, दो ट्रॉली बैग और तीन बैग भी बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कार में सवार चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

Also Read: UP: क्राइम ब्रांच बनकर बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी से 27 किलो चांदी लूटी, 60 लाख की वारदात से सनसनी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू निवासी अलीगढ़, सरोज पासवान, राहुल कुमार और आर्यन कुमार, तीनों निवासी पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जसवंतनगर में मु0अ0सं0 207/2026 के तहत धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी और उनकी टीम ने अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)