UP: दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को वाराणसी में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। विरोध मार्च के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। संभावित तनाव को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई
यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी की हिरासत को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, प्रदेश महासचिव अनुपम राय सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
Also Read: दिल्ली से बलिया तक हाहाकार…अखिलेश की गिरफ्तारी पर भड़के बागी सपाई
कांग्रेस ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन सरकार असहमति को दबाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।
काशी विद्यापीठ में छात्रों का विरोध, जांच और इस्तीफे की मांग
इधर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भी छात्रों ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन को देखते हुए वाराणसी प्रशासन पहले से सतर्क रहा। एहतियात के तौर पर बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंपर्क कार्यालय, जिला मुख्यालय और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही ड्रोन कैमरों से निगरानी कर हालात पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































