UP: सड़क की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सीतापुर डीएम को सौंपा ज्ञापन

सीतापुर: ऐलिया ब्लॉक के ग्राम सैदापुर (मलिकापुर-सैदापुर) के ग्रामीणों ने जर्जर सड़क और आवागमन की समस्या को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की. पहले ग्रामीण अपनी मांग लेकर सांसद राकेश राठौर के आवास पहुंचे और बाद में करीब 30 से 40 ग्रामीणों ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क निर्माण की मांग की.

ग्रामीणों का कहना है कि गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली लिंक रोड पूरी तरह कच्ची है. बारिश के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार यदि गांव में कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और मरीज को करीब 200 मीटर तक चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है. बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण छात्र-छात्राएं नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है. उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द लिंक रोड की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाने की मांग की.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

इस दौरान ग्रामीणों ने पंचायत मित्र जितेंद्र मौर्य पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों में नियमों के विपरीत जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है. विरोध करने पर पंचायत मित्र द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण, मनरेगा कार्यों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.